ई-गवर्नेंस इंडेक्स में मनपा ने हासिल किया पहला स्थान

सेवा, पारदर्शिता और उपलब्धता के तीन प्रमुख मानकों पर मिली सफलता

    23-Jan-2025
Total Views |
b fdbfxdb
पुणे, 22 जनवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

सेवा, पारदर्शिता और उपलब्धता के तीन मानकों पर आधारित राज्य की 29 मनपाओं के ई-गवर्नेंस इंडेक्स में पुणे मनपा ने पहला स्थान प्राप्त किया है. यह इंडेक्स मनपाओं की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया खातों पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर तय किया गया है. पुणे मनपा ने इसमें 10 में से 8.22 अंक हासिल किए हैं. कोल्हापुर मनपा दूसरे स्थान पर और पिंपरी-चिंचवड़ मनपा तीसरे स्थान पर रही. पॉलिसी रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन द्वारा हर साल राज्य की मनपाओं के ई-गवर्नेंस का आकलन किया जाता है. इस साल की समीक्षा में पुणे मनपा ने उपलब्धता, सेवा और सोशल मीडिया उपयोग से जुड़े मापदंडों पर बेहतर प्रदर्शन किया. आईटी हब के रूप में प्रसिद्ध पुणे ने ई-गवर्नेंस को प्रभावी तरीके से लागू किया है. नागरिकों के लिए मनपा ने कई सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराया है, जिससे समय, यात्रा और खर्च में बचत होती है. पुणे मनपा की प्रमुख उपलब्धियों में उपलब्धता मानक के लिए 21 में से 15 अंक, सेवा मानक के लिए 47 में से 41 अंक, पारदर्शिता मानक के लिए 33 में से 27 अंक, वेबसाइट कार्यक्षमता के लिए 53 में से 50 अंक, मोबाइल ऐप प्रदर्शन के लिए 45 में से 30 अंक तथा सोशल मीडिया उपयोग के लिए 3 में से 3 अंक मनपा को मिले हैं. इस सफलता को विभिन्न स्तरों से सराहना मिली है. पुणे मनपा के अपडेटेड वेबसाइट और मोबाइल ऐप ने नागरिकों के जीवन को सरल बनाया है.
 
दृष्टिहीनों के लिए विशेष सुविधा

 इंडेक्स से यह तथ्य भी सामने आया कि केवल सात मनपाओं ने दृष्टिहीन या कम दृष्टि वाले व्यक्तियों के लिए स्क्रीन रीडर की सुविधा उपलब्ध कराई है. पॉलिसी रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन ने 1 नवंबर से 31 दिसंबर 2024 तक मनपाओं की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया खातों का विश्लेषण कर यह इंडेक्स तैयार किया. सेवा, पारदर्शिता और उपलब्धता जैसे तीन मुख्य मानकों और 101 उपमानकों के आधार पर नगरपालिकाओं का मूल्यांकन किया गया. पुणे मनपा की इस उपलब्धि ने शहर की ई-गवर्नेंस क्षमताओं को और मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त किया है.